पूर्व पंचायत समिति सदस्य की हत्या
संवाद सूत्र, नरहट (नवादा):
नरहट थाना क्षेत्र के दुलन विगहा गांव निवासी केशर यादव (45 वर्ष) की हत्या कर दी गई। उनका शव बुधवार को बेरौटा-हाजीढ़ाव के रास्ते धर्नाजय नदी के तट पर गंगटा गाव के पास लावारिस हाल में पाया गया। मृतक पूर्व में पुंथर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव को बरामद पर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दी।
परिजनों ने बताया कि केशर सोमवार को दोपहर में शेखपुरा बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। तब रात्रि में परिजनों ने खोजबीन की। लेकिन कहीं अतापता नहीं चला। मंगलवार को भी खोजबीन जारी रहा। इस बीच बुधवार को कुछ लोगों ने नदी किनारे एक लावारिश शव पड़ा देखा। सूचना के बाद वहां पहुंचे लोगों ने शव की शिनाख्त कर सूचना घर बालों को दी। सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने भी शव की शिनाख्त की। परिजन साजिश के तहत हत्या किये जाने की बात कह रहे हैं। लेकिन किसी पर सीधा आरोप नहीं लगा रहे हैं। आशंका जतायी जा रही है कि पुनौल में संचालित अवैध शराब की भट्ठियों के पास नशे की हालत में इनकी हत्या की गई। हत्या के बाद शव एक दिन तक छिपाकर रखा गया। फिर अगले दिन नदी के किनारे फेंक दिया। जिस रास्ते पर शव मिला वहां से लोगों का हमेशा आना-जाना होता है। लेकिन मंगलवार तक किसी ने वहां शव को नहीं देखा था। हत्या किसने और क्यों की इसका खुलासा होना बाकी है। परिजन घटना से स्तब्ध हैं। मृतक को दो पुत्र तथा एक पुत्री है। अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। मृतक के भाई आजाद यादव ने इस मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है।