नवजात को नर्सिग होम में छोड़ फरार हुए परिजन
संवाद सूत्र, नवादा :
नगर के एक निजी नर्सिग होम में नवजात को इलाज के लिए भर्ती कराने के बाद परिजन फरार हो गये। बताया जाता है कि 27 जुलाई को एक महिला ने खुद को अनिता देवी रजौली निवासी बताते हुए नवजात को डॉ. महेश कुमार के निजी क्लीनिक में दाखिल कराया था। महिला ने खुद को रिश्ते में बच्चे की फुआ होने की जानकारी दी थी। इलाज के लिए आईसीयू में दाखिल कराने के बाद परिजन वह महिला गायब हो गई। चिकित्सक ने इसकी छानबीन करते हुए महिला के बताये पते पर जानकारी ली तो वह पता भी गलत निकला। इस पर उन्होंने 14 अगस्त को नगर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने शुक्रवार को नवजात को बाल कल्याण समिति कार्यालय को सुपुर्द कर दिया। बाद में उस बच्चे को मदर टेरेसा अनाथ आश्रम नालंदा को भेज दिया। मौके पर पुअनि रंजीत शर्मा, बाल कल्याण समिति के कुमारी संगीता व जयरन कुमारी उपस्थित थे।