जेल में बंदी दूसरे दिन भी रहे अनशन पर
जागरण संवाददाता,नवादा : मंडल कारा के जेलर की हरकतों से उबे कैदी दूसरे दिन भी अनशन पर रहे। हालांकि कारा प्रशासन का दावा है कि कुछ को छोड़ अधिकांश कैदियों ने अनशन तोड़ दिया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो शुक्रवार की शाम भी वार्ड 6 के कैदी अरुण यादव की पिटाई की गई। पिटाई में कैदी का सिर फट गया। इसके बाद कैदी ज्यादा भड़क गये। राहत की बात रही कि शनिवार को पेशी के लिए अदालत लाये गये कैदियों ने शुक्रवार की भांति कोर्ट में उपस्थित होने से इंकार नहीं किया। शुक्रवार को एक भी कैदी कोर्ट हाजत से अदालत पेशी के लिए नहीं गये थे, और हाजत में ही जमकर बवाल काटा था।
बता दें कि विचाराधीन कैदी भवसागर यादव की पिटाई से नाराज मंडल कारा के अधिकांश कैदी गुरूवार की शाम से ही अन्न जल त्याग रखे हैं। कैदियों का आरोप है कि जेलर लाल बाबू सिंह पशुवत व्यवहार करते हैं। इधर प्रभारी काराधीक्षक सह भूमि सुधार उप समाहर्ता नंद किशोर चौधरी ने कहा कि मोबाइल इस्तेमाल पर पाबंदी लगाये जाने के बाद कैदी इस तरह की हरकत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैदियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनी गई है। कानूनन जो भी सुविधाएं है वह मुहैया करायी जायेगी। जिला जज को भी पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है।