मुखिया पति की गिरफ्तारी को ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
संवाद सूत्र, नवादा : सदर प्रखंड के पौरा पंचायत की मुखिया पति पप्पू यादव की गिरफ्तारी की मांग को ले माया बिगहा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को नवादा-जमुई पथ को जाम किया। जाम के कारण यात्रियों को काफी मुश्किलें उठानी पड़ी। खासकर देवघर जा रहे कांवरिया भी घंटों जाम में फंसे रहे। बताया जाता है कि मुखिया पति पप्पू यादव व माया बिगहा ग्रामीण सुरेश महतो के बीच भूमि विवाद चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भू विवाद को ले मंगलवार को मुखिया पति ने मारपीट की और कई राउंड फायरिंग भी की। इस बाबत दोनों पक्षों ने कादिरगंज ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दो अलग-अलग प्राथमिकी में करीब 15 लोगों को नामजद किया गया है। मुखिया पति द्वारा की गई फायरिंग व मारपीट के विरोध में ग्रामीणों ने माया बिगहा के समीप नवादा-जमुई पथ को जाम कर दिया। ग्रामीण मुखिया पति की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना मिलते ही कादिरगंज पुलिस वहां पहुंच गई। उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ। जाम हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।