मां-बेटे की गोली मारकर हत्या
संसू, कौआकोल (नवादा) :
थाना क्षेत्र के करमाटांड टेपो महतो पुल के निकट मंगलवार की शाम को गोली मार कर मां-बेटे की हत्या कर दी गई। मृतकों में रुस्तमपुर के स्व. जगदीश सिंह की पत्नी तारा देवी (55 वर्ष) और उनका पुत्र गोपाल सिंह (22 वर्ष) शामिल हैं। बताया जाता है कि दोनों कौआकोल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी बीच उक्त पुल के निकट पांच-छह की संख्या में घात लगाकर बैठे अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां दागनी शुरु कर दी। जिससे दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना का मुख्य वजह जमीनी विवाद बताया जाता है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार तारा देवी व सुधेश्वर सिंह के बीच में करीब दो बिगहा जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। पिछले साल तारा देवी के पुत्र ने सुधेश्वर के साथ मारपीट भी की थी। सुधेश्वर अकबरपुर के कुसुम्हार के रहने वाले बताये जाते हैं। उनके मामा सुनीति सिंह ने रुस्तमपुर में जमीन दी थी। इसी को ले विवाद चल रहा था।