रजौली में सहोदर भाइयों को गोली मारी
संसू, रजौली (नवादा) : रजौली बाजार निवासी अजय सेठ के पुत्र कनक कुमार ने शुक्रवार की शाम सहोदर भाईयों मुकेश कुमार व मनोज कुमार को गोली मार दी। सीने में गोली लगने से मुकेश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि पेट में गोली लगने से मनोज कुमार की हालत चिंताजनक बनी है। सदर अस्पताल नवादा में इलाज उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है। बताया जाता है कि बाजार के अजय सेठ व द्वारिका सेठ का आभूषण का कारोबार है। शुक्रवार की शाम ग्राहक को बुलाने के नाम पर दोनों के बीच विवाद हुआ। उसके बाद अजय सेठ के बेटे ने गोलीबारी शुरू कर दी। एक गोली पहले मुकेश को सीने में लगी। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। उसके बाद मुकेश के भाई मनोज को भी गोली मार दी गई। पिता द्वारिका को भी निशाना बनाकर गोली मारी गई, लेकिन वे बचे गये। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष एसके सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों का बयान लिया जा रहा है।