CCTV खोला, कर्मियों को बंद किया और बैंक से लूट ले गए 42.75 लाख...
लुटेरे आए और सबसे पहले सीसीटीवी सिस्टम को खोला। फिर हथियार के बल पर कर्मचारियों को कब्जे में किया और स्ट्रांग रूम से 42.75 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम मे बंद कर हवा में पिस्तौल लहराते चलते बने। घटना बिहारशरीफ के केनरा बैंक की है।
नालंदा। लुटेरे आए और सबसे पहले सीसीटीवी सिस्टम को खोला। फिर हथियार के बल पर कर्मचारियों को कब्जे में किया और स्ट्रांग रूम से 42.75 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम मे बंद कर हवा में पिस्तौल लहराते चलते बने। सरेआम लूट की यह वारदात बिहारशरीफ के सोहसराय थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित केनरा बैंक में शुक्रवार को हुई।
बैंक के प्रभारी शाखा प्रबंधक मनेन्द्र कुमार रंजन ने बताया कि आज सुबह बैंक खुलते ही चार लुटेरे आए। उन्होंने कर्मियों व चार-पांच ग्राहकों को पिस्तौल के बल पर कब्जे में ले लिया। इसके बाद मैनेजर के कमरे में लगे सीसीटीवी रिकार्डिंग का हार्ड डिस्क खोल लिया।
लुटेरे जब आश्वस्त हो गए कि उनकी रिकार्डिंग नहीं हो रही, तब उन्होंने बैंक कर्मियों से स्ट्रांग रूम का ताला खुलवाया और वहां रखे 42 लाख 75 हजार 250 रुपये लेकर फरार हो गए। जाते-जाते लुटेरों ने सभी कर्मियों को स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया।
बैंक कर्मियों के अनुसार सभी लुटेरे बाइक पर सवार होकर आए थे और उनकी उम्र कमश: 35 से 40 वर्ष की थी।लूटपाट के बाद वे हाथ में पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए और इसकी पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
बता दें कि तकरीबन छह माह पहले ही सोहसराय मोड़ के पास यह बैंक शाखा खोली गई है। बैंक की सुरक्षा के लिए कोई भी गार्ड नहीं है। घटना के बाद शोर- शराबा होने पर आसपास के लोग दौड़े, तब तक काफी देर हो चुकी थी। एसपी विवेकानंद मंडल, सदर डीएसपी सैफू रहमान ने घटनास्थल की मुआयना किया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।