छेड़खानी के खिलाफ धरने पर बैठीं छात्राएं, आक्रोशित भीड़ ने काटा बवाल
छेड़खानी के खिलाफ कुछ छात्राएं धरने पर बैठ गईं। घटना की जानकारी मिलने पर आक्रोशित भीड़ ने भी बवाल किया। घटना नालंदा के राजगीर के एक शिक्षण संस्थान में हुई।
नालंदा [जेएनएन]। शिक्षण संस्थान में शिक्षक की आए दिन की छेड़खानी से त्रस्त छात्राओं का गुस्सा अंतत: फूट पड़ा। परिजनों को जब इसका पता चला तो वे भी आ गए। आसपास की भीड़ भी जुट गई। इस बीच आरोपी शिक्षक तो भाग गया, लेकिन छात्राओं व उनके अभिभावकों ने जमकर बवाल किया। घटना राजगीर के उपाध्याय टोला स्थित एक विद्यालय व काेचिंग संस्थान में बुधवार को हुई।
जानकारी के अनुसार राजगीर के उपाध्याय टोला स्थित एक शिक्षण संस्थान में छोटू नामक एक शिक्षक नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी करता था। शिक्षक छात्रावास की छात्राओं के साथ भी गलत हरकतें करता था। इससे छात्राएं नाराज थीं।
बुधवार को भी शिक्षक ने कुछ छात्राओं के साथ छेड़खानी की। इस बार छात्राओं ने विरोध किया तो बात बढ़ गई। छात्राओं ने इसकी शिकायत संस्थान के प्रधानाचार्य व परिजनों से की तथा धरने पर बैठ गईं। इस बीच छात्राओं की माताएं आरोपी शिक्षक को ढूंढने आ पहुंचीं। मगर, आरोपी फरार हो चुका था।
इस हंगामा को देखकर छात्राओं के अन्य परिजन तथा आसपास के लोग भी आ गए। उन्होंने भी प्रधानाचार्य से आरोपी शिक्षक को उपस्थित करने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। माकूल जवाब नहीं मिलने पर भीड़ तोडफ़ोड़ पर उतर आई।
शिक्षण संस्थान के संचालक एसके प्रभाकर ने बताया कि आरोपी शिक्षक छोटू पिछले दिनों से पढ़ा रहा था। अगर उसने ऐसी हरकत की है तो उसपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं राजगीर के डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस तक पहुंची है। मगर अभी तक उक्त मामले के विरुद्ध राजगीर थाने मे किसी प्रकार की लिखित शिकायत किसी ने दर्ज नहीं कराई है।