नदी से किशोरी का शव बरामद, हत्या की आशंका
थरथरी के पैमार नदी से शनिवार को पुलिस ने एक किशोरी का शव बरामद किया है।
नालंदा। थरथरी के पैमार नदी से शनिवार को पुलिस ने एक किशोरी का शव बरामद किया है। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं मृतका के परिजन पुत्री की हत्या कर दिये जाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। पुलिस ने शव की पहचान थरथरी के डीहा गांव निवासी अजय महतो की 15 वर्षीय पुत्री बबीता कुमारी के रूप में की है। परिजनों ने बताया कि मृतका के माता-पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं और यहां वो अपने दादा व भाई के साथ रहती थी। दो दिनों से घर से बबीता गायब थी। दादा व भाई-बहन की खोजबीन कर ही रहे थे कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि पैमार नदी में एक लड़की का शव मिला है। इस सूचना पर उसके भाई औ्र दादा घटनास्थल पर पहुंच कर पहचान की। परिजन फिलहाल नाबालिग की हत्या कर नदी में फेंक दिये जाने की आशंका जताते हुए कहा कि इसकी जांच कर पुलिस आगे की कार्रवाई करे। वहीं थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल सकेगा की नाबालिग की हत्या हुई है या फिर डूबने से मौत हुई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।