नोटबंदी के विरोध में कांग्रेस ने किया जनवेदना सम्मेलन का आयोजन
नालंदा। केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा राजगीर विधान
नालंदा। केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा राजगीर विधानसभा के गिरियक प्रखंड व हरनौत विधान सभा क्षेत्र के हरनौत बाजार में जनवेदना सम्मेलन का आयोजन किया गया। शनिवार को गिरियक में इस कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीकांत प्रसाद ने की। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा नोटबंदी का लिया गया निर्णय बहुत ही गलत कदम है। इस तरह का निर्णय से जनता के साथ गरीबों व किसानों तथा मजदूरों के साथ धोखा है। मोदी जी को प्रधानमंत्री होने के नाते बताना चाहिए कि पूरे देश के गरीब को आम आवाम को लाइन में खड़ा करवाने के बाद कितना काला धन देश में जमा हुआ। उन्होंने पीएम की खाली कुर्सी की ओर इशारा करते हुए कहा कि 50 दिन पूरे होने के बाद भी अगर व्यवस्था सही नहीं हुई तो जनता उन्हें किसी चौराहे पर भी बुलाएगी वो आएंगे। इसी के तहत जिला कांग्रेस ने सातों विस क्षेत्र में स्थान बताकर उनको स्पीड पोस्ट के द्वारा चिट्ठी भेजकर उन्हें बुलाना था एवं जनता के बीच आकर उन्हें स्पष्ट करने को कहा गया। इधर बीते शुक्रवार को हरनौत में केंद्र सरकार के द्वारा की गई नोटबंदी का जमकर विरोध किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में मौजूद लोगों को बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर गांव-गांव जाकर नोटबंदी से जनता को हुए जनवेदना को बताना है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से गरीब लोगों को अधिक नुकसान हुआ है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि केंद्र के नोटबंदी से देश वर्षो पीछे चला गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरनौत प्रखंड अध्यक्ष सुभाष कुमार एवं मंच संचालन चंडी प्रखंड के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार शाही ने किया। मौके पर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।