एक साल में 15 सौ का 14 हजार वसूला ब्याज, फिर महिला को किया निर्वस्त्र
महज एक साल में 15 सौ का 14 हजार रुपये ब्याज की बात शायद आप सोच भी नहीं सकते, लेकिन सुदखोर के शिकंजे में फंसी महिला ने इसे अदा किया। बात यहीं तक नहीं है, सुदखोर मूलधन के साथ ही और ब्याज की मांग करता रहा।
बिहारशरीफ। महज एक साल में 15 सौ का 14 हजार रुपये ब्याज की बात शायद आप सोच भी नहीं सकते, लेकिन सुदखोर के शिकंजे में फंसी महिला ने इसे अदा किया। बात यहीं तक नहीं है, सुदखोर मूलधन के साथ ही और ब्याज की मांग करता रहा। महिला ने इंकार किया तो उसे निर्वस्त्र कर पीटा गया। पीडि़त की 12 साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म की धमकी दी गई। दबंग सुदखोर के डर से महिला ने अपनी बेटी को ननीहाल भेज दिया और पुलिस से मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस कार्रवाई की जगह फिलहाल जांच करने की बात कर रही है।
नगर थाना क्षेत्र के नकटपुरा के काशीचक गांव में दबंगों की 33 साल की महिला ने गांव के विष्णुदेव यादव से एक साल पूर्व 1500 रुपये कर्ज लिया था। उसके एवज में वह अब तक सिर्फ ब्याज के रूप में 14 हजार रुपये दे चुकी है। इसके बावजूद महिला से आरोपी और रुपये की मांग कर रहे हैं। 27 मार्च को भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसकी प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई गई थी। इससे आक्रोशित हो आरोपी ने अपने चार अन्य सहयोगियों की मदद से महिला को निर्वस्त्र कर उलटा लटकाकर पीटा। इतना ही नहीं, मुंह खोलने पर आरोपी ने महिला की 12 वर्षीया बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म करने की धमकी दी है। महिला ने बच्ची को ननिहाल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष रवि ज्योति ने बताया कि महिला ने आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब निर्वस्त्र कर उसके साथ मारपीट किए जाने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।