सड़क दुर्घटना में भतीजे की मौत, चाचा घायल
संवाद सहयोगी, राजगीर (नालंदा) : राजगीर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग के जवाहर नवोदय विद्यालय के पास राजगीर स
संवाद सहयोगी, राजगीर (नालंदा) : राजगीर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग के जवाहर नवोदय विद्यालय के पास राजगीर से बिहारशरीफ की ओर तेज रफ्तार में जा रही एक ट्रक ने बिहारशरीफ की ओर जा रहे मोटरसाइकिल पर सवार चाचा-भतीजा को अपने चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हालांकि दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल में उपचार कराने के लिए लाया गया, जहां पर भतीजा ने दम तोड़ दिया। वहीं वृद्ध व्यक्ति को बेहतर इलाज कराने के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जख्मी वृद्ध की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। मृतक का पहचान इसलामपुर थाना अंतर्गत शरीफाबाद के निवासी रामवृक्ष प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र हरेन्द्र प्रसाद के रूप की गई है। जख्मी रामाधीन प्रसाद भी शरीफाबाद के रहने वाले हैं। घटना सुबह सवा दस बजे की है। इधर स्थानीय लोगों ने घटना को अंजाम देने वाला ट्रक चालक विनय भूषण को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मृतक को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक अपने चाचा रामधनी को राजगीर के एक निजी अस्पताल में आंख को जांच करवा अपने घर की ओर जा रहा था। इसी बीच चाचा-भतीजा तेज रफ्तार में बिहारशरीफ की ओर जा रहा एक ट्रक के चपेट में आ गए। आसपास के लोगों के अनुसार ट्रक काफी तेज रफ्तार में जा रहा था।