एसटीएफ जवान ने पत्नी को जिंदा जलाकर मार डाला
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : रहुई थाना क्षेत्र के निजाय गांव में शुक्रवार की रात एसटीएफ जवान ने अपने
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : रहुई थाना क्षेत्र के निजाय गांव में शुक्रवार की रात एसटीएफ जवान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पत्नी को जिंदा जलाकर मार डाला। इसके बाद परिजनों ने शव को देर रात शहर के खंदकपर स्थित एक निजी क्लीनिक में छोड़कर फरार हो गए। जिंदा जलाई गई 25 वर्षीया मालती कुमारी नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के गनपुरा गांव निवासी राजकुमार यादव की पुत्री है। घटना के संबंध में मृतका के भाई गुड्डू कुमार ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। उसके बाद पति व ससुराल वाले कुरुपता का आरोप लगा कर उसे बराबर प्रताड़ित कर रहे थे। उसने बताया कि ग्रामीणों ने उसे दूरभाष पर सूचना दी कि उसकी बहन को ससुराल वालों ने जिंदा जला कर मार डाला है। उसने बताया कि बहनोई महेश यादव दूसरी शादी करना चाहता था। इसी वजह से उसके परिवार के लोग मालती कुमारी को पिछले कई माह से प्रताड़ित कर रहे थे। इस संदर्भ में मायके वालों ने पति महेश यादव, भैसुर, ससुर एवं ननद सहित पांच लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष कृपाल जी ने बताया कि मायके वालों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। यहां बता दे कि शादी के बाद महिला ने एक पुत्र व पुत्री को जन्म दी थी। मालती का पति महेश यादव पटना में एसटीएफ जवान के रूप में तैनात है। जबकि इसके बड़े भाई भी पटना में ही पुलिस विभाग में में पदस्थापित है।