शराब व दुष्कर्म की घटना अब बर्दाश्त नहीं : ब्रिगेड
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : राष्ट्रीय महिला ब्रिगेड की अध्यक्षा पुष्पा पांडेय ने कहा कि शराबियों व
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : राष्ट्रीय महिला ब्रिगेड की अध्यक्षा पुष्पा पांडेय ने कहा कि शराबियों व बलात्कारियों के खिलाफ प्रदेश की आधी आबादी अब खुलकर सामने आ गई है। महिलाएं पूरी तरह से एकजुट हैं और राष्ट्रीय महिला ब्रिगेड व दुर्गादस्ता के संस्थापक व युवा बिग्रेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप कुमार सिन्हा के फरमान का इंतजार कर रही है। फरमान जारी होते ही लाइसेंसी शराब भट्ठियों को तोड़ने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। शराब और दुष्कर्म की घटना को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वे गुरुवार को अस्थावां प्रखंड मुख्यालय के समीप धरना को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि महिलाएं शराबखोरी व गुंडों के प्रहार से त्राहिमाम कर रही है। शराब के कारण चारों तरफ हाहाकार मचा है। लेकिन बिहार सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा है। शराबियों व बलात्कारियों के खिलाफ हल्ला बोल अभियान के तहत अस्थावां प्रखंड मुख्यालय के समीप यह आंदोलन किया गया है। धरना में सैकड़ों महिलाएं व युवतियां शामिल थीं। बबीता देवी व राजमुनि देवी ने कहा कि नालंदा जिले की महिलाएं शराबियों के खिलाफ गोलबंद होकर लड़ाई लड़ेगी। कोई भी नेता हमारी एकता को तोड़ नहीं सकता है। राजकुमार शर्मा व रामउचित बिंद ने कहा कि जिले के युवा वर्ग भी आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही नशा बंदी कानून लागू नहीं की गई तो नीतीश कुमार को यहां एक भी सीट नसीब नहीं होगी। धरना में अनिल कुमार, ललन राम, अरुण कुमार, गोरे लाल यादव, मिनता देवी, ललिता देवी, प्रवीला देवी आदि शामिल थे।