गरीबों से खिलवाड़ कर रही सरकार : राजीव
संवाद सूत्र, एकंगरसराय (नालंदा): इसलामपुर के विधायक राजीव रंजन ने छठ पर्व के मौके पर इसलामपुर एवं
संवाद सूत्र, एकंगरसराय (नालंदा):
इसलामपुर के विधायक राजीव रंजन ने छठ पर्व के मौके पर इसलामपुर एवं एकंगरसराय प्रखंड के लगभग सभी घाटों पर जाकर छठव्रतियों का दर्शन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्री रंजन औगारी धाम सूर्य तालाब में प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था का जायजा लिया। इस क्रम में वे नाव से कई बार चारों तरफ इंतजाम को देखा। इस मौके पर श्री रंजन ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों ने मिलजुल कर छठव्रत पर्व को मनाया तथा भगवान भास्कर से नमन कर देश राज्य समाज एवं परिवार के लिए सुख समृद्ध की कामना की।
विधायक ने कहा कि पौराणिक गाथा के अनुसार आज के दिन ही राम राज की शुरुआत हुई थी, जबकि भगवान राम के वनवास से लौटने के बाद आयोजित पर्व को दीपावली के रूप में मनाया जाने लगा। श्री रंजन ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार गरीबों के साथ खिलवाड़ कर रही है। बिना 15 प्रतिशत कमीशन के कोई भी कार्य गरीबों को नहीं हो पाता है। इतना ही नहीं इंदिरा आवास में तो 25 प्रतिशत राशि लाभान्वितों से अधिकारी एवं कर्मचारी नाजायज तरीके से ले लेते हैं।
श्री रंजन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे गरीबों के हित के साथ खिलवाड़ करना बंद करे। अन्यथा इस तरह पौराणिक समय से राम राज की स्थापना हुई थी। उसी तरह भगवान भास्कर अपने प्रताप से 15 प्रतिशत घूस के बिना कोई काम न होने वाली सरकार का सर्वनाश कर देंगे।