सर्व मंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ ..
संवाद सूत्र, गिरियक (नालंदा) : शारदीय नवरात्र गुरुवार से प्रारंभ हो गया। प्रखंड के सभी बाजार पूरी तरह से भक्तिमय हो गई है। वेदमंत्रों की ध्वनि से पूरा वातावरण गुंजयमान हो गया। प्रखंड के विभिन्न गांव में अवस्थित देवी मंदिरों को न केवल सजाया संवारा गया है। बल्कि काफी आकर्षक रंगों से रंग रोगन भी किया गया है। पावापुरी मोड़ स्थित जय मां अम्बे लोक मंदिर में एक हजार एक कलश एवं चोरसुआ दुर्गापूजा समिति द्वारा देवी स्थान में छ: सौ एकावन (651) कलश स्थापित कर मां देवी का अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। कलश यात्रा ढोल बाजे-गाजे के साथ निकाली गयी जिसमें युवाओं के बच्चे एवं काफी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। जय मां अम्बे लोक के संस्थापक रामाशीष सिंह उर्फ सिंह जी ने बताया कि हर साल की भांति इस वर्ष भी काफी उत्साह के साथ मां की पूजा की पूरी तैयारी कर ली गयी है। साथ ही इस मौके पर मां की दर्शन को आने वाले भक्तों के लिये विशेष व्यवस्था पूजा समितियों द्वारा किया गया है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो। प्रखंड के पूरे गांव, दुर्गापुर, घोसरावा की मां आशापुरी मंदिर, रानीसराय, तरोखर, गिरियक बाजार, गिरियक घोड़ा कटोरा में मां की आराधना को लेकर कलश स्थापित किया गया है।