खुले में शौच करना बीमारी को निमंत्रण देना : डीएम
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : डीएम बी कार्तिकेय ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वच्छता जागरूकता अभियान रथ को रवाना करते हुए कहा कि वर्षो से चली आ रही पुरानी कुरीतियों को अब दूर करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि खुले में शौच करना यानि बीमारी को निमंत्रण देना है। उन्होंने कहा कि पीएचइडी विभाग की ओर से 15 जागरूकता वाहन को रवाना किया गया है। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों व पंचायतों में जाकर लोगों को खुले में शौच करने व दूषित जल पीने से होने वाली बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान एक माह तक लगातार चलेगा। इस अभियान के तहत सभी प्रखंडों व पंचायतों के विद्यालयों में जाकर तथा जनप्रतिनिधियों की मदद से सभी को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व से चली आ रही कुरीतियों को दूर करने के लिए केन्द्र व राज्य सरकार ने यह अभियान चलाया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली कुरीतियों को दूर करना व नए बिहार की ओर जागरूक करना है।
पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता सुरेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि यह अभियान गांधी जयंती के मौके पर चलाया जा रहा है। इस एक माह के अभियान के तहत गांव-गांव में लोगों को दूषित पेयजल व खुले में शौच करने से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने इंदिरा आवास के तहत हर घर में शौचालय निर्माण करा रही है। उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत लोग दूषित जल पीने से बीमार पड़ते हैं। इसलिए पानी की क्या क्वालिटी है। इसकी जांच के लिए पीएचइडी विभाग में अलग से लैब बनाया गया है। जांच के उपरांत पानी के क्वालिटी का पता चल जायेगा। इसके बाद इसके उपाय बताए जाएंगे। इस मौके पर डीडीसी रचना पाटिल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।