नवविवाहिता की जहर देकर हत्या
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : महज एक कर्नवाली के खातिर एक नवविवाहिता की जहर देकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत मृतका सरिता कुमारी की भाभी पुतुल देवी ने पति छोटन पासवान सहित सात लोगों को नामजद किया है। घटना भागनबिगहा ओपी अन्तर्गत छेदीबिगहा गांव में गुरुवार को घटित हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इस बाबत थानाध्यक्ष निखिल कुमार राय ने बताया कि वेना थाना के शिवाय बिगहा निवासी मृतका की भाभी पुतुल देवी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करा पति समेत सात को नामजद किया है। दर्ज प्राथमिकी में उसने कहा है कि सरिता की शादी डेढ़ वर्ष पहले छोटन पासवान से हुई थी। शादी के समय 50 हजार नकद व ज्वेलरी दी थी। शादी के चंद महीने बाद से ही वह सरिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। पिछले दो-तीन माह से एक कर्नवाली की मांग की जा रही थी। घर की माली हालत ठीक नहीं होने की वजह से घर वाले उनकी मांग पूरी करने में अपने को अक्षम बताया। इसी बात से खिन्न हो ससुराल वाले सरिता को जबरन जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी। इधर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लेकिन मृतका की भाभी के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस अनुंसधान के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पायेगा। फिलहाल इस संबंध में अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी।