बाढ़ राहत धांधली को ले सड़क जाम
संवाद सूत्र, अस्थावा(नालंदा) : प्रखंड मुख्यालय में बाढ़ राहत धांधली को लेकर सड़क जाम थमने का नाम नहीं ले रहा है। थाना पुलिस हो या प्रखंड प्रशासन दोनों को जाम हटवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। उसके बाद भी ग्रामीणों द्वारा जाम नहीं हटवाया जा रहा है। अस्थावा में बुधवार को अहले सुबह से ही ग्रामीण सड़क पर पहुंचकर जाम लगाने के लिए बैठ गये। बताया जाता है कि इस प्रखंड के अमावा-बिन्द रोड, बिहारशरीफ-बरबीघा रोड थाना मोड़ पर जाम लग जाने से यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। वहीं कटहरी पंचायत के सैकड़ों महिलाओं ने झाड़ू-डंडा लेकर अस्पताल मोड़ से लेकर ब्लाक मोड़ तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही समझाने गई पुलिस कर्मी के साथ हाथापाई की गयी। अब जाम से निजात दिलाने के क्या उपाय किये जाय। इसकी तरकीब प्रशासन द्वारा खोजा जा रहा है। काफी आश्वासन के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं हैं। अंत में हारकर थाना पुलिस कर्मी थाने में शरण ले रहे हैं। वहीं जायजा लेने आये जिले के आलाधिकारी प्रखंड मुख्यालय में शरण लिये हुए हैं। संवाद प्रेषण तक जाम नहीं टूट सका था। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों का रेला लग गया है जहा यात्रियों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था।