बाढ़ राहत में भारी अनियमितता को ले लोग सड़क पर उतरे
संवाद सूत्र, चंडी (नालंदा) : बाढ़ राहत सामग्री में हो रही अनियमितता के खिलाफ धरना,प्रदर्शन और हंगामा जिले में थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज फिर चंडी प्रखंड में बाढ़ राहत को लेकर बनायी गई सूची में भारी गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर लालगंज गांव के लोग जैतीपुर एनएच 30ए सड़क को जाम कर बवाल काटना शुरू कर दिया है। बीत शुक्रवार को गौढ़ापर, गुंजरचक के लोगों ने बाढ़ राहत सामग्री में अनियमितता को लेकर करीब सात घटे तक रांची पटना सड़क को जाम कर घंटों बवाल काटा था। वहीं शनिवार को लालगंज गांव के शीला देवी, अनीता देवी, रेणु देवी, रेख देवी, माला देवी सहित सैकड़ों महिलाओं ने रोड जाम किया। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ राहत के लिए लोगों की सूची सीओ आफिस द्वारा गलत ढंग से तैयार किया गया है। लोगों को मुंह देखकर सूची तैयार की गयी है। बाढ़ पीड़ित के सामने बाढ़ आने के बाद समस्याओं का पहाड़ खड़ा हो गया है। पीड़ित भोजन से तो मवेशी चारा के बिना मर रहे है। इधर दिन प्रतिदिन सड़क जाम होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जहां भीषण गर्मी में फंसे लोग प्रशासन को कोसते हुए अपने गंतव्य जगह जाने के लिए पैदल लंबी दूरी तय कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे सीओ राजीव रंजन व सीआई सुमित सुमन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आप लोगों की सभी मांगें पूरी हो जायेगी।