राजगीर में रेलवे प्लेटफार्म का होगा सौंदर्यीकरण
संवाद सहयोगी, राजगीर (नालंदा) : पर्यटक स्थल राजगीर में रेलवे स्टेशन ्के प्लेट फार्म नबंर दो एवं तीन के पर शेड का निर्माण करने के साथ दो चापाकल लगाए जाएंगे और प्लेटफार्म की फर्श सीमेंट से तैयार कर उनका पूरी तरह सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसपर लगभग 70 लाख खर्च होंगे। यह जानकारी रेल सूत्रों ने दी है। उल्लेखनीय है कि राजगीर में प्लेटफार्म तो तीन नबंर तक बन गए हैं पर जो सुविधा एक नबंर प्लेटफार्म पर है वह बाकी दोनों पर उपलब्ध नहीं है। अब विभाग ने दो व तीन नबंर प्लेटफार्म को चकाचक करने के लिये सतह को पूरे तरह से सिमेंटेड करने के अलावे छोटे शेड को और बड़ा करने का मन बनया है। एक चापाकल की बोरिंगा का काम पूरा हो चुका है तथा दूसरे की बोरिंग भी शुरू है। इसके पहले भी एक और चापाकल चालू हालत में था। लेकिन विभाग ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुये दो और चापाकल गाड़ने का काम शुरू किया है। प्लेटफार्म का सुंदरीकरण और शेड का विस्तार होने के बाद पर्यटकों को कई विशेष सहूलियतें मिलेंगी। बता दें कि दो व तीन नबंर से भी रेलगाड़ी खुलती है लेकिन शेड नहीं होने के कारण इस प्लेटफार्म पर यात्रियों को बहुत परेशानी होती है। इस शेड का विस्तारीकरण होने के बाद पर्यटकों सहित सभी तरह की यात्रियों को सुविधा मिलेगा।