गोलीबारी से दहला इलाका, वृद्घ गंभीर, पटना रेफर
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : अस्थावां थाना क्षेत्र के पूर्वी टोला मुहल्ले में मंगलवार को हुई गोलीबारी से पूरा इलाका दहल गया। भूमि विवाद के कारण हुई भिड़ंत में दो गुट आमने-सामने होकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में एक पक्ष के 50 वर्षीय वृद्ध महेश यादव को गोली लग गयी जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये। जख्मी को चिंताजनक हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां से उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि जख्मी वृद्ध और मुन्ना यादव के बीच वर्षो से जमीन विवाद चला आ रहा था। जमीन पर कब्जे को ले दोनों गुट अपने सहयोगियो के साथ आमने-सामने हो गये और गोलीबारी करने लगे। गांव में एकाएक हुई गोलीबारी से ग्रामीण सहम गए औैर अपने-अपने घरों में दुबक गये। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों गुटों की ओर से 10 चक्र से अधिक गोलियां दागी गयी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार रजक ने गोलीबारी के घटना की पुष्टि करते हुए 3-4 चक्र गोली चलने की बात कही। उन्होंने बताया कि जख्मी को इलाज के लिए पटना भेजा गया है जहां उनका फर्द बयान लिया जाएगा। गांव में एहतियातन पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गयी है। इस मामले में किसी के गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।