पुलिस की सतर्कता से टली ट्रेन हादसा
नि.प्र.सिलाव (नालंदा): नालंदा पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। इस संबंध में थाना अध्यक्ष राजनंदन ने बताया कि गश्ती के दौरान साढ़े ग्यारह बज माहुरी गेट के निकट कुछ लोगों द्वारा 15 फीट का एक ट्रैक पोल पटरी पर खिंचा जा रहा था। इसी क्रम में गश्ती दल का वाहन वहां से गुजर रहा था। ट्रैक पर रात में गतिविधि की आहट मिलते हीं गश्ती दल के जवान वहीं पर रूक गए। पुलिस की गाड़ी रूकते देख ट्रैक पर गड़बड़ कर रहे लोग वहां से नौ दो ग्यारह होने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और अंतत: भाग रहे लोगों में से एक व्यक्ति दीपक कुमार को पकड़ लिया। पूछने पर गिरफ्तार दीपक कुमार ने बताया कि आईओडब्लू द्वारा नियुक्त ठीकेदार अनुरोध यादव के कहने पर आठ दस मजदूरों के साथ रस्सी गमछा के माध्यम से लोहे की पोल को ट्रैक पर खींच रहे थे। पुलिस को देखकर वे लोग पोल को ट्रैक पर छोड़कर भागने लगे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने पोल को ट्रैक पर से हटाया। इस संबंध में पूछने पर नालंदा स्टेशन प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि राज 11.16 बजे डीएमयू ट्रेन राजगीर से खुली थी। जिसे 11.35 बजे नालंदा स्टेशन पर पहुंचना था यदि समय रहते ट्रैक पर से लाईन को नहीं हटाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर पहुंचे बख्तियारपुर रेल थाना के उप निरीक्षक आर.ए प्रसाद ने बताया कि इस संबंध में एफआईर दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार व्यक्ति को जेल भेजा जा रहा है। अन्य दोषी व्यक्तियों की तलाश शूरू कर दी गई है। रेल पुलिस भी मामले की तहकीकात में जुटी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर