मोद मंदिर में पेश की गई राम विवाहोत्सव की झांकी
कटरा प्रखंड के पहसौल स्थित मोद मंदिर में विवाह पंचमी पर राम विवाहोत्सव की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई।
मुजफ्फरपुर। कटरा प्रखंड के पहसौल स्थित मोद मंदिर में विवाह पंचमी पर राम विवाहोत्सव की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। धनुष भंग की लीला के बाद मर्यादा पुरूषोत्तम राम और जनकनंदनी सीता के विवाह का दृश्य देख लोग हर्षित हो उठे।
बता दें कि पहसौल निवासी मोदलताजी एक समर्पित राम भक्त थे। उन्हें सरस्वती पुत्र कहा जाता है। उन्होंने राम कथा पर कई पुस्तकें लिखी जिनमें मोहन-मोहनी सर्वश्रेष्ठ रचना मानी गई। इसमें राम-सीता के जीवन से संबंधित छंद व गीत हैं। वर्तमान में उनकी समाधि स्थल पर भव्य राम जानकी मंदिर स्थित है जहां 45 वर्षो से विवाह पंचमी पर धूमधाम से राम विवाहोत्सव का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में अयोध्या, नेपाल, मधुबनी आदि से विद्वान संत भाग लेने आते हैं। कार्यक्रम के आयोजक शत्रुध्न शरण व सियारसिक शरण जी के नेत्र से नीर बह चले जब धनुष भंग हुआ। कार्यक्रम मे रतिकांत चौधरी व धीरज कुमार का सहयोग रहा।