मुजफ्फरपुर में दुष्कर्म के बाद अज्ञात किशोरी की हत्या, शव मिलने से सनसनी
मुजफ्फरपुर के तुर्की थानाक्षेत्र में एक अज्ञात किशोरी की लाश मिलने से सनसनी का माहौल है। उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन ]। जिले के तुर्की थानाक्षेत्र में एक किशोरी से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंके जाने की सूचना के बाद सनसनी मच गई है। किशोरी की पहचान नहीं हो पाई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह इस इलाके की नहीं है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अब मृतका की पहचान की कोशिशों में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह कुछ लोग सकरी सरैया स्थित नहरी से गुजर रहे थे। इस दौरान उनकी नजर लाश पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं से पुलिस को सूचना दी गई। उधर घटना की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोग पहुंचकर लड़की की पहचान की कोशिश करते लेकिन कोई लड़की को पहचान नहीं पाया।
इसके बाद कहा जाने लगा कि शायद बाहर से लाया गया शव यहां फेंक दिया गया है। लाश की स्थिति देखकर लोग दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। इस बाबत तुर्की ओपी प्रभारी का कहना है कि किसी दूसरी जगह हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से लाश यहां फेंके जाने का संदेह है। पुलिस गहन जांच करके पूरे मा्मले का पर्दाफाश करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म के संबंध में कुछ कहा जा सकता है।