पूर्वी चंपारण में दिनदहाड़े वार्ड सदस्य पति समेत दो की गोली मार हत्या, हंगामा, सड़क जाम
बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम। प्रखंड कार्यालय में मची रही अफरातफरी। इलाके में खौफ। घटना से नाराज लोगों ने की सड़क पर आगजनी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बेखौफ अपराधियों ने पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन प्रखंड कार्यालय के प्रवेश द्वार पर सोमवार को दिनदहाड़े इसी प्रखंड के कस्बा कदमवा निवासी शंभू राय और कमवा पंचायत के वार्ड संख्या-एक के सदस्य बच्ची देवी के पति सियाराम महतो की हत्या गोली मार कर दी। बदमाश दो की संख्या में बाइक से आए थे। घटना के बाद प्रखंड कार्यालय में अफरातफरी मच गई। सभी लोग खौफ में आ गए। वहीं बदमाश हथियार का भय दिखाते हुए भाग निकले। घटना की सूचना पूरे इलाके में जंगल के आग की तरह फैली । घटना के विरोध में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए।
लोगों ने सड़क पर आगजनी कर घोड़ासहन से निकलनेवाली सड़कों को जाम कर दिया है। इस बीच घटना की सूचना मिलने के साथ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंच गए हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। बताया गया है कि शंभू राय अपने वार्ड सदस्य पति सियाराम के साथ प्रखंड कार्यालय किसी काम से आए थे। इस दौरान बदमाश उनके पीछे लगे थे। जैसे ही वे प्रखंड कार्यालय के प्रवेश द्वार पर पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें मौका पाते ही अपना निशाना बनाया और गोली मार चलते बने। पुलिस तत्काल अपराधियों के पीछे दौड़ी। लेकिन, वे भाग निकलने में सफल रहे।
भूमि विवाद को लेकर चली गोली
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि शंभू राय का विवाद उनके अपने ही ग्रामीण अवधेश साह के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर चल रहा है। इस बीच 17 जुलाई 2018 को शंभू की हत्या करने की कोशिश के तहत उनपर गोली चलाई गई। इसको लेकर दर्ज मामले में अवधेश साह आरोपित है। उसके खिलाफ पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इस बीच गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद से वह नेपाल में रह रहा था।
हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने बनाई टीम
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पुलिस के हाथ-पांव फुलने लगे हैं। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिकरहना के डीएसपी आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया है। साथ ही जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया है। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को कहा है कि अविलंब बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।
वहीं प्रखंड व इसके आसपास के इलाके में लगे सीसी कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा है। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। घटना के पीछे भूमि विवाद कारण बताया गया है। अवधेश साह पहले से शंभू पर गोली चलाने के मामले में आरोपित है। समय रहते बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली जाएगी।