न्यायिक दंडाधिकारी के कार्यालय से अभिलेखों की चोरी
कचहरी परिसर स्थित न्यायिक दंडाधिकारी (पश्चिमी) अमित कुमार तिवारी के कार्यालय कक्ष की खिड़की का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने मुकदमों के अभिलेखों की चोरी कर ली।
मुजफ्फरपुर । कचहरी परिसर स्थित न्यायिक दंडाधिकारी (पश्चिमी) अमित कुमार तिवारी के कार्यालय कक्ष की खिड़की का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने मुकदमों के अभिलेखों की चोरी कर ली। नगर निगम की चहारदीवारी की ओर खुलने वाली खिड़की का शीशा तोड़कर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में कार्यालय लिपिक कौशल किशोर व सहायक अशोक कुमार ने नगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि जब सुबह वे कोर्ट कार्यालय आए तो चोरी का पता चला। उन्होंने कार्यालय कक्ष के दक्षिण की खिड़की का शीशा टूटा पाया। पास ही रैक पर रखा कुछ अभिलेख गायब था।
चोरी गए अभिलेखों में ज्यादातर 8 अप्रैल को लोक अदालत में निष्पादन के लिए चिह्नित अभिलेख थे। इसके अलावा कुछ आरोप पत्र व वाद दैनिकी व अन्य विचारण से संबंधित अभिलेख थे।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि चोर खिड़की में लगा लोहे का ग्रिल नहीं तोड़ पाया। शीशा तोड़कर हाथ बढ़ाकर जो अभिलेख पहुंच में आया उसे निकाल कर चलते बने।
प्राथमिकी में चोरी गए अभिलेखों की संख्या नहीं दर्शायी गई है। दरअसल अभिलेखों का मिलान व सूची तैयार करने के बाद ही पता चलेगा कि चोरी गए अभिलेखों की संख्या कितनी थी। इसमें कोई खास केस का अभिलेख तो नहीं था।
कोर्ट कार्यालय कक्ष में चोरी की सूचना के बाद जिला जज ने अभिलेखों की सूची तैयार कर उसके मिलान करने का आदेश दिया है। इसके बाद ही सही-सही आंकड़ा मिल सकता है।