शराबबंदी से घरों में लौटी खुशहाली
मानव श्रृंखला को लेकर पतंगबाजी हुई।
मुजफ्फरपुर। मानव श्रृंखला निर्माण में जिले की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासनिक महकमे की ओर से शनिवार को पतंगबाजी प्रतियोगिता शुरू की गई। डीएम धर्मेद्र सिंह ने शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम में पतंग उड़ाकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी से गरीबों के घरों में खुशहाली लौटी है। 21 जनवरी को मानव श्रृंखला को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। जिले के सभी मुख्य पथों पर दोपहर 12.15 बजे से 1.00 बजे तक इसका निर्माण किया जाएगा। सभी रूटों पर प्रतिभागियों को आवश्यक सुविधाएं दी जाएंगी। मद्य निषेध अभियान के द्वितीय चरण में 21 जनवरी से 22 मार्च यानी बिहार दिवस तक यह अभियान चलेगा। डीएम ने इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में लोगों से भाग लेने की अपील की।
डीडीसी अरविंद कुमार वर्मा ने लोगों से शराबबंदी के समर्थन में इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन जिला खेल पदाधिकारी की ओर से किया गया। इस अवसर पर एसडीओ पूर्वी सुनील कुमार, उत्पाद अधीक्षक कुमार अमित, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन सुशांत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, साक्षरता सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।