राशन-केरोसिन से वंचित उपभोक्ताओं का बयान कलमबंद
मड़वन प्रखंड की भटौना पंचायत के राशन-केरोसिन से वंचित उपभोक्ताओं की शिकायत की जाच गुरुवार को सीओ सह एमओ योगेंद्र प्रसाद सिंह ने की।
मुजफ्फरपुर। मड़वन प्रखंड की भटौना पंचायत के राशन-केरोसिन से वंचित उपभोक्ताओं की शिकायत की जाच गुरुवार को सीओ सह एमओ योगेंद्र प्रसाद सिंह ने की। इस दौरान सीओ ने पैक्स अध्यक्ष महावीर सिंह की जविप्र दुकान का भी निरीक्षण किया। दुकान बंद थी। उधर, पंचायत सरकार भवन पर सीओ ने वंचित उपभोक्ताओं का बयान कलमबंद किया। उपभोक्ताओं ने पैक्स अध्यक्ष पर ससमय राशन नहीं देने, घटतौली करने व विरोध करने पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। सीओ को पूर्व पंसस परशुराम झा के विरोध का भी सामना करना पड़ा। श्री झा का कहना था कि तीन माह पहले उपभोक्ताओं ने शिकायत की थी, उस समय जांच क्यों नहीं की गई। उनका आरोप था कि सीओ सह एमओ अपने ऊपर लगे आरोप से बौखला गए हैं। इस संबंध में सीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जविप्र दुकान बंद मिली। उपभोक्ताओं ने पैक्स अध्यक्ष पर कई आरोप लगाए हैं जिन्हें बलमबंद किया गया है। दिवाली व छठ को देखते हुए उपभोक्ताओं को पैक्स अध्यक्ष की दुकान से कर्मचारी की देखरेख में राशन उठाव को कहा गया है। पर्व बाद कार्रवाई की जाएगी।