निगम प्रशासन से टकराव को तैयार कर्मचारी संघ
अपनी अनदेखी से नाराज नगर निगम कामगार यूनियन निगम प्रशासन से टकराव की तैयारी कर चुका है।
मुजफ्फरपुर। अपनी अनदेखी से नाराज नगर निगम कामगार यूनियन निगम प्रशासन से टकराव की तैयारी कर चुका है। यूनियन के संयोजक रमेश ओझा ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर इस आशय की सूचना भी दे दी है। यूनियन ने नगर आयुक्त रमेश प्रसाद रंजन पर कर्मचारियों के साथ भेदभाव, अधिकारों की हकमारी एवं मनमानी करने का आरोप लगाया है। यूनियन नेता ने कहा कि नगर आयुक्त ने कर्मचारियों को उनका हक नहीं दिया तो कर्मचारी कभी भी आंदोलन पर उतर सकते हैं और इसके लिए नगर आयुक्त जिम्मेवार होंगे। यूनियन ने इस आशय की सूचना महापौर एवं उपमहापौर के साथ-साथ जिलाधिकारी एवं प्रमंडलीय आयुक्त को भी दे दी है।
----------------------
यूनियन द्वारा नगर आयुक्त पर लगाया गया आरोप
-निगम प्रशासन ने अपने चहेते चालीस कर्मचारियों को एसीपी का लाभ दिया। शेष कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं देकर उनके साथ भेदभाव किया है। मानवाधिकार आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि सभी कर्मचारियों को एसीपी का लाभ मिलना चाहिए।
- सेवा काल में मृत कर्मचारियों के अंतर वेतन राशि का भुगतान आज तक नहीं किया गया, जिससे उनके परिजन आर्थिक संकट झेल रहे हैं।
- राज्य सरकार के निर्देश के बाद भी कर्मचारियों की हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान नहीं किया गया। स्थापना शाखा नगर आयुक्त के निर्देश पर अपनी मनमानी कर रही है। मात्र चालीस प्रतिशत कर्मचारियों को उस अवधि का वेतन दिया गया।
- सेवा काल में मृत कर्मचारियों के आश्रितों की अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति को बार-बार टाला जा रहा है।
- अलग-अलग संवर्ग में कर्मचारियों की प्रोन्नति लंबित है। निगम इसकी अनदेखी कर रहा है।
- अबतक कर्मचारियों के मई माह का वेतन भुगतान नहीं किया गया, जबकि मुस्लिम समाज का पर्व ईद सामने है।