गोलीबारी के खिलाफ कांटी बाजार बंद
कांटी में गुरुवार की रात गल्ला व्यवसाई पप्पू गुप्ता के दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग के खिलाफ शुक्रवार को व्यवसायी सड़क पर उतर आए।
मुजफ्फरपुर। कांटी में गुरुवार की रात गल्ला व्यवसाई पप्पू गुप्ता के दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग के खिलाफ शुक्रवार को व्यवसायी सड़क पर उतर आए। आसपास के ग्रामीण भी उनके समर्थन में थे। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान बाजार बंद रहा। व्यवसायियों व अन्य लोगों ने जुलूस निकाल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क पर उतरे लोग रात में कांटी बाजार क्षेत्र में सघन गश्ती व गोलीबारी शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि पुलिस प्रशासन के लचर रवैये के कारण कांटी का माहौल बिगड़ रहा है। गल्ला व्यवसायी पप्पू गुप्ता ने बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। उससे किसी ने रंगदारी भी नहीं मांगी है। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया उससे वह और उनके परिवार अपने आप को असहाय महसूस कर रहे हैं। इस घटना में पप्पू गुप्ता के चचेरे भाई मोहन गुप्ता के दाहिने पैर में गोली लगी थी। उनका इलाज बैरिया स्थित मां जानकी हॉस्पीटल में चल रहा है। जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दिया है।
घटना की सभी ने की निंदा :
सभी दलों ने एकमत होकर कहा कि इस तरह की घटना की निंदा की है। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। निंदा करने वालों में पूर्व नगर अध्यक्ष चंदेश्वर पासवान पूर्व राजद प्रत्याशी हैदर आजाद ,रमेश गुप्ता, सौरव कुमार साहिब, कौशल किशोर चौधरी, कारी साहू, मुकेश कुमार झा, चीकू झा, महेश साह, राजकुमार साह भोला ,अभिषेक कुमार गोलू, हरि मोहन चौधरी कौशल दुबे समेत कई लोग शामिल हैं।
लोडेड पिस्टल के साथ कुख्यात गोलू ठाकुर गिरफ्तार
काटी में नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा गुप्ता के पति गल्ला व्यवसायी पप्पू गुप्ता पर जानलेवा हमला व अंधाधुंध फायरिंग करने के संदिग्ध आरोपी कुख्यात गोलू ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । देर रात उसकी गिरफ्तारी मधुकर छपरा गाव स्थित ससुराल में हुई है।
उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल, तीन गोली व दो खोखा बरामद किया गया है। उसने पुलिस के समक्ष स्वीकारोक्ति बयान में गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इसमें उसके चार अन्य साथी शामिल थे। दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी की थी, ताकि रंगदारी वसूला जा सके।
काटी में विगत छह महीने में गोलीबारी की कई संगीन घटनाओं में गोलू ठाकुर का नाम चर्चा में आता रहा है। रंगदारी तथा वर्चस्व को लेकर पहले भी उसपर गोलीबारी करने का आरोप ला था। उससे पूछताछ के लिए शहर ले जाया गया है। हालाकि मोहन गुप्ता ने जो प्राथमिकी दर्ज कराई है उसमें चार अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है। इसमें गोलू ठाकुर को नामजद नहीं किया गया है। उधर उसके परिजनों ने भी उसे निर्दोष बताया है।
कांटी थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद ने बताया कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए समन छापेमारी की जा रही है। गोलू ने मामले का खुलासा कर दिया है। रंगदारी वसूली के लिए दहशत फैलाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया।