होमगार्डो का आंदोलन तेज, दो हजार जवान पटना रवाना
होमगार्ड जवानों का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा।
मुजफ्फरपुर। होमगार्ड जवानों का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। सरकार विरोधी नारे लगाते हुए शहर में विशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस डीएम आवास मोड़ से सदर अस्पताल रोड, एसएसपी कार्यालय मोड़ होते हुए समाहरणालय में पहुंच धरने में तब्दील हो गया।
इस दौरान बिहार रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन का एलान किया। सरकार पर कई आरोप लगाते हुए गृहरक्षकों की मांगों नहीं मानने की बात कही। बताया कि गृहरक्षक मांगों को लेकर मंगलवार से पटना पहुंच आंदोलन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार ठाकुर के आह्वान पर जिले से लगभग दो हजार गृहरक्षक पटना रवाना हो गए।
धरना स्थल पर संघ के संरक्षक देवेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युजंय कुमार, प्रदेश के संगठन सचिव सत्येंद्र कुमार सिंह, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सेवांजी के प्रमंडलीय मंत्री अर्जुन कुमार, संयुक्त मंत्री सह जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडेय, महामंत्री कुमारी शोभा, प्रदेश अध्यक्ष शंभु बाबू एवं सीपीआई के नेता मो. युनूश व ऑटो संघ के जिला उपाध्यक्ष पप्पू झा ने गृहरक्षकों कीमांगों को जायज बताया। सरकार पर आरोप लगाया कि कर्मचारियों के हित में खर्च करने से वह कतरा रही है। इससे होमगार्डो की माली हालत बिगड़ चुकी है। सभा का समापन उपसचिव अशोक कुमार पांडेय के संबोधन के साथ हुआ।