बड़ी लापरवाही: बिहार में मरीज को लगाया खाली ऑक्सीजन सिलेंडर, यूं बची जान
बिहार के एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में स्वास्थ्यकर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आयी है। यहां गंभीर मरीज को ऐसा ऑक्सीजन मास्क लगा दिया गया, जो खाली सिलेंडर से जुड़ा था।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। बिहार के मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार को गंभीर मरीज को ऐसा ऑक्सीजन मास्क लगा दिया गया, जो खाली सिलेंडर से जुड़ा था। हालांकि, इसकी भनक लगते ही तैनात हेल्थ मैनेजर ने स्थिति को संभाल लिया और आनन-फानन सिलेंडर बदला गया।
नहीं चल रहा था मीटर
मंगलवार को गंभीर रूप से बीमार अहियापुर सहबाजपुर की मीना देवी को इलाज के लिए लाया गया। चिकित्सकों ने देखने के साथ तत्काल ऑक्सीजन लगाने को कहा। इसके बाद ऑक्सीजन सिलेंडर लाकर लगाया गया। मीटर नहीं चलते देख परिजन ने कर्मी को बताया। कर्मी ने सिलेंडर का रेगुलेटर खराब होने की बात कह बताया कि मरीज को ऑक्सीजन मिल रही है। लेकिन, दूसरे कर्मी ने स्थिति को भांप दूसरा सिलेंडर लगाया।जांच करने पर वह भी खाली मिला।
सूचना पर अस्पताल प्रबंधक संजय कुमार साह तत्काल पहुंचे व भरा हुआ सिलेंडर मंगवाकर मरीज को लगवाया। तब जाकर मरीज की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। इधर, स्वास्थ्य प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया कि ऑक्सीजन की कमी नहीं है। पांच में एकमात्र सिलेंडर खाली था। इसे वहां से निर्धारित जगह पर नहीं रखा गया। मरीज को पहले लगाए गए सिलेंडर में ऑक्सीजन कम था।