मुशहरी में पप्पू बने प्रमुख व चंदेश्वर बने उपप्रमुख
मुशहरी प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख चुनाव में पूर्व मंत्री रमई राम व पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी समर्थक ममता देवी पराजित हो गई।
मुजफ्फरपुर। मुशहरी प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख चुनाव में पूर्व मंत्री रमई राम व पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी समर्थक ममता देवी पराजित हो गई। प्रखंड प्रमुख निर्वाचन की प्रक्रिया एसडीओ पूर्वी सुनील कुमार ने शुरू की। सदस्यों को शपथ दिलाने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। प्रमुख पद के लिए ममता देवी एवं पप्पू कुमार ने नामांकन किया। सभी 36 सदस्यों ने वोटिंग की जिसमे ममता देवी को 15 व पप्पू कुमार को 21 मत प्राप्त हुए। जीत की घोषणा होते ही ममता देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई। वह उपप्रमुख चुनाव में मतदान किए बगैर अपने पति लालबाबू सहनी के साथ सदन से चली गई। उप प्रमुख पद के लिए अजय कुमार, चंदेश्वर राय एवं राजगीर पासवान ने नामांकन किया। वोटिंग के बाद मतगणना में चंदेश्वर राय को 26 मत प्राप्त हुए। अजय कुमार को चार एवं राजगीर पासवान को पांच मत प्राप्त हुए। एसडीओ पूर्वी ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग होने की भी चर्चा रही।