नागरिकों की बेहतरी को सरकार कटिबद्ध : मंत्री
राज्य के अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों का जीवन स्तर उठाने को राज्य सरकार कटिबद्ध है।
मुजफ्फरपुर। राज्य के अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों का जीवन स्तर उठाने को राज्य सरकार कटिबद्ध है। इसी कड़ी में आज मुशहरी स्थित राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र के प्रांगण में तिरहुत प्रमंडल के लाभुकों को रोजगार के लिए 90 फीसद अनुदान पर वाहनों का वितरण पशु एवं मत्स्य विभाग द्वारा किया जा रहा है। उक्त बातें पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री अवधेश कुमार सिंह ने कहीं। कहा कि बिहार में मत्स्य पालकों की हरसंभव मदद को सरकार तैयार है। अनुसूचित जाति-जनजाति को मछली बिक्री से जोड़ने के लिए वाहनों का वितरण किया गया है। इसके तहत मोपेड सह आइस बॉक्स , थ्री व्हीलर तथा फोर व्हीलर वितरण किया गया। इसके तहत 90 फीसद त अनुदान पर 1101 मोपेड, 380 टेंपो व 178 चार चक्का वाहनों का वितरण किया जा रहा है। आज जिले के 53 लोगों को वाहन उपलब्ध कराए गए। विभागीय निदेशक निशात अहमद ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य मछली के पालन व बिक्री को बढ़ावा देना है। जिन्हें वाहन मिल रहा है उन्हें आठ से दस वषरें के बीच वाहन की बिक्री नहीं करनी है। डीडीसी अरविंद कुमार ने कहा कि मत्स्य पालक अपने तालाब के भिंडा पर मनरेगा से पौधरोपण करा लें। राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र निदेशक डॉ. विशालनाथ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मत्स्य पालन एवं अंतरवर्ती खेती पर वैज्ञानिकों की सलाह ले सकते हैं। मंच संचालन उप निदेशक सुमन कुमार ने किया। इस बीच, वहीं स्थानीय विधायक बेबी कुमारी ने कार्यक्रम की सूचना नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अनुसूचित जाति की महिला होने के होने के कारण मुझे नहीं बुलाया गया। इस मामले को वे विधानसभा में उठाएंगी।