अभियान को नहीं मिल रहा नेतृत्व
स्वच्छ भारत अभियान को जिले में नेतृत्व नहीं मिल पा रहा है। नेतृत्व में अभाव के कारण योजनाबद्ध तरीके से यह आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
मुजफ्फरपुर। स्वच्छ भारत अभियान को जिले में नेतृत्व नहीं मिल पा रहा है। नेतृत्व में अभाव के कारण योजनाबद्ध तरीके से यह आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इसकी दिशा तय करने के लिए न जिला स्तर पर और न ही शहरी स्तर पर संचालन समिति का गठन किया गया है। सफाई कार्य से जुड़े होने के कारण इसे निगम की जिम्मेदारी समझ ली गई। लेकिन, सच्चाई यह है कि निगम सफाई के अलावा अन्य कार्यों के बोझ से दबा हुआ है। अधिकारियों व कर्मचारियों के अभाव में वह अभियान को सफल नेतृत्व नहीं दे पा रहा है। जिला प्रशासन भी अभियान का नेतृत्व नहीं कर रहा। वह भी इसे निगम की जिम्मेदारी समझ अपना पल्ला झाड़ लिया है। अभियान मुख्य रूप से लोगों को जागरूक करने से जुड़ा है, ऐसे में नेतृत्व के अभाव में कारगर कार्यक्रम नहीं बन पा रहा है और न ही इसे अंजाम दिया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिक कृष्ण मोहन तिवारी ने कहा कि जब तक अभियान को संचालित करने के लिए प्रखंड स्तर से जिला स्तर तक की एक कमेटी का गठन नहीं होगा, इसे सफलता नहीं मिलने वाली। उन्होंने जिला प्रशासन से इसके लिए पहल करने की मांग की है।