कुढ़नी में वृद्ध दंपती की हत्या
थाना क्षेत्र के कुढ़नी में अज्ञात अपराधियों ने वृद्ध दंपती की हत्या कर दी। उनका शव कुढ़नी हाईस्कूल के समीप स्थित आम के बगीचे से सोमवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया।
मुजफ्फरपुर। थाना क्षेत्र के कुढ़नी में अज्ञात अपराधियों ने वृद्ध दंपती की हत्या कर दी। उनका शव कुढ़नी हाईस्कूल के समीप स्थित आम के बगीचे से सोमवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया। इसकी सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतकों की शिनाख्त कुढ़नी निवासी भोला पासवान (70) व उनकी पत्नी सुशीला देवी (65) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
कुढ़नी थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत हो रहा है। मृतक भोला के सिर एवं बांह पर जख्म के निशान मिले हैं। प्राथमिकी दर्ज होने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अनुसंधान के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी। बताया जाता है कि आम का बगीचा कुढ़नी निवासी वरुण शाही का है। स्थानीय राजेश झा ने आम का फल खरीद रखा है, जिसकी रखवाली के लिए भोला पासवान को बगीचे में तैनात किया गया था। सोमवार की सुबह दंपती का शव मिलते ही सनसनी फैल गई। सूचना पर थानाध्यक्ष व डीएसपी अजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पोस्टमार्टम से शव आने के बाद परिजनों ने दोनों का दाह संस्कार कर दिया।