BJP प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव बोले- वाल्मीकिनगर से टिकट कटना गठबंधन की मजबूरी
भाजपा के बिहार प्रभारी ने कहा कि सतीश की हैसियत सांसद से कम नहीं होगी। सम्मान समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव रविवार को हवाई मार्ग से नरकटियागंज पहुंचे। यहां से वे सड़क मार्ग से होते हुए हरसहरी गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह पहुंचे। इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र से सांसद सतीशचन्द्र दुबे का टिकट कटने का कारण देश में एनडीए का गठबंधन है। मगर आप सभी कार्यकर्ता दुखी न हो, सतीश का पार्टी में उचित सम्मान रहेगा। इनकी हैसियत सासंद से कम नहीं होगी।
प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप सभी एनडीए गठबंधन को वोट देकर नरेन्द्र मोदी का हाथ मजबूत करें। ताकि देश में एक बार फिर से मोदी की सशक्त सरकार बने और देश विकास की मार्ग पर चले। सांसद श्री दुबे ने कहा कि हमें शीर्ष नेतृत्व को ध्यान में रखकर वाल्मीकिनगर से एनडीए को जीताना है। टिकट नहीं मिलने से नाराजगी जरूर थी। लेकिन, पार्टी के वरीय अभिभावकों से मिली प्रेरणा ने आंखें खोल दी।
कार्यक्रम में बिहार संगठन मंत्री नागेन्द्रनाथ तिवारी ने कहा कि सतीश ने क्षेत्र में विकास किया है फिर भी उनका टिकट कट गया। इसके लिए दुख है और गठबंधन की मजबूरी भी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी 27 मंडल के अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं को अतिथियों ने अंग वस्त्र से सम्मानित कर एनडीए गठबंधन को मजबूती से जीताने की अपील की।
इस दौरान विधायक भागीरथी देवी, विनय बिहारी, जिलाध्यक्ष गंगा पांडेय आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर मधुकर राय, वीरेंद्र श्रीवास्तव, राम सिंह, अर्जुन सोनी, हरिशंकर प्रसाद, देवीलाल प्रसाद, अर्जुन भारतीय, पिंटू गुप्ता, गोविंद कुमार, रविकांत पराशर के अलावा लोजपा के जिला नेता मंजीत वर्मा, कृष्णा पासवान समेत गठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।