पढ़ाई, कमाई व दवाई के लिए नहीं जाना होगा बाहर : अमित शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी रविवार को बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए स्पष्ट किया कि भाजपा की सरकार बनने पर पढ़ाई, कमाई और दवाई के लिए बिहार से बाहर नहीं जाना होगा।
जागरण टीम, मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी रविवार को बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए स्पष्ट किया कि भाजपा की सरकार बनने पर पढ़ाई, कमाई और दवाई के लिए बिहार से बाहर नहीं जाना होगा।
बिहार की बर्बादी के लिए लालू-नीतीश को जिम्मेदार ठहराते हुए कटाक्ष किया कि तांत्रिक की शरण में जाने से न तो नीतीश सत्ता में वापस लौट पाएंगे और न ही बिहार का विकास हो पाएगा।
आठ नवंबर को राज्य में राजग को पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है। नीतीश कुमार आखिरी बार मुख्यमंत्री की गाड़ी पर सवार होकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा देने जाएंगे।
पश्चिम चंपारण जिलान्तर्गत रामनगर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा को आरक्षण का प्रबल पक्षधर करार दिया। कहा कि लालू और नीतीश लोगों को गुमराह करने की कोशिश में जुटे हैं।
दलित, महादलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग को भाजपा ने सर्वाधिक सम्मान दिया। भाजपा ने देश में अति पिछड़ा वर्ग से सबसे अधिक मुख्यमंत्री दिया है। चाय बेचने वाले अति पिछड़े के पुत्र को प्रधानमंत्री पद देने का ऐतिहासिक कार्य भाजपा ने ही किया है।
प्रधानमंत्री द्वारा पूर्व में घोषित सवा लाख करोड़ के विशेष पैकेज को लूट से बचाने के लिए उन्होंने प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। कहा कि नीतीश नहीं समझते कि यह पैकेज लालू और नीतीश के लिए नहीं, बिहार के विकास के लिए है।
लालू और नीतीश ने 25 वर्ष के एक बड़े कालखंड में बिहार को सिर्फ पीछे धकेला है। पढ़ाई, कमाई व दवाई के लिए बिहार के नौजवान आज भी दूसरे राज्यों में जाने के लिए विवश हैं। भाजपा सत्ता में आई तो सभी सुविधाएं बिहार में ही उपलब्ध होंगी।
मुजफ्फरपुर जिला में बरूराज विधानसभा क्षेत्र में शाह ने कहा कि इस बार युवाओं की टोली नया बिहार बनाने के लिए बेचैन है। बिहार में संपन्न दो चरणों के चुनाव में बदलाव के पूरे संकेत हैं।
पूर्वी चंपारण जिला में मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद अगड़ी जाति बनाम पिछड़ी जाति की राजनीति करते हैं, लेकिन हम अगड़ा बिहार बनाम पिछड़ा बिहार की बात कर रहे हैं।
लालू-नीतीश ने 25 साल में बिहार जहां था उससे भी पीछे पहुंचा दिया। ऊपर से नीतीश कुमार ने विकास की राह पर बिहार को लेकर चले भाजपा का साथ छोड़ दिया। वे जंगलराज के निर्माता लालू की गोद में बैठ गए।
पूर्वी चंपारण में केंद्रीय रसायन व उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि चंपारण की जनता ने अंग्रेजों को भगाया था। अब यहां के लोग जंगलराज-2 लाने वाले को भगा देंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन ङ्क्षसह ने कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार बनने के साथ विकास की गंगा बहेगी और सबका विकास होगा।