71 पाउच देसी शराब के साथ युवक धराया
रेल पुलिस ने गुरुवार को प्लेटफॉर्म संख्या पांच से एक धंधेबाज को 71 पाउच देसी शराब के साथ पकड़ा।
मुजफ्फरपुर। रेल पुलिस ने गुरुवार को प्लेटफॉर्म संख्या पांच से एक धंधेबाज को 71 पाउच देसी शराब के साथ पकड़ा। रेल थानाध्यक्ष अच्छेलाल सिंह यादव ने कहा कि सूचना मिलने पर एक टीम तैयार की गई। इसके बाद ट्रेनों व जंक्शन पर जांच अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म संख्या पांच के पश्चिमी छोर पर बैग लेकर एक युवक बैठा था। संदेह होने पर पूछताछ की गई। बैग जांच करवाने को कहा गया तो उसने इन्कार कर दिया। उसे थाने पर लाकर बैग की तलाशी में 71 पाउच देसी शराब मिली। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर निवासी विजय कुमार के रूप हुई।
बताया गया कि वह देर रात 12.30 बजे मडुवाडीह से जंक्शन पर उतरा। सुबह में पटना जाने के लिए बैठा था। पटना में शराब की डिलेवरी देनी थी। इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अभियान में टीम में एएसआइ गिरीश पांडेय, हवलदार सरवर अंसारी, सिपाही बिजेन्द्र यादव व बबलू कुमार थे।