कुख्यात बबलू दुबे के दो हत्यारे गिरफ्तार, मोतिहारी जेल से जुड़े हैं तार
मोतिहारी में कुख्यात बबलू दुबे के हत्यारे गिरफ्तार कर लिए गए हैं। बबलू की हत्या बेतिया कोर्ट में पेशी के दौरान गुरुवार को कर दी गई थी।
पश्चिम चंपारण [जेएनएन]। बिहार व नेपाल के आतंक रहे कुख्यात बबलू दुबे के दो हत्यारों को बेतिया पुलिस ने मोतिहारी से गिरफ्तार कर लिया है। बबलू की हत्या बीते गुरूवार को बेतिया कोर्ट में पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में गोली मारकर कर दी गयी थी। पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड की साजिश मोतिहारी जेल में बंद कुख्यात राहुल सिंह ने रची थी। पुलिस राहुल से लगातार पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार बबलू दुबे हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनोें आरोपी मोतिहारी के रहने वाले हैं। उनके नाम सूरज व विजय बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। बता दें कि कोर्ट परिसर में बबलू दुबे की हुई हत्या के बाद से पुलिस लगातार उसके हत्यारों के लिए छापेमारी कर रही थी।
बबलू पर 50 से ज्यादा अपहरण, हत्या और लूट के मामले दर्ज थे। उसपर जेल में रहते हुए नेपाल के बड़े व्यवसायी सुरेश केडिया के अपहरण का आरोप लगा था। बताया जाता है कि बबलु की हत्या के पीछे केडिया अपहरणकांड में वसूली गई फिरौती की रकम के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद था। इस हत्या की जिम्मेदारी बबलु के शूटर रहे कुणाल सिंह ने ली है।
कुणाल सिंह ने शनिवार को मीडिया से कहा था कि बबलू दुबे की हत्या मोतिहारी जेल में बंद राहुल सिंह के साथ मिलकर उसने रची थी। इसके पीछे बड़ा कारण सुरेश केडिया के अपहरण के बाद फिरौती की रकम में हिस्सा नहीं देना था। हालांकि, तब पुलिस ने सुरेश केडिया को अपहर्ताओं से छुड़ाने का दावा किया था।
कुणाल के बयान के बाद पुलिस मोतिहारी जेल में बंद राहुल सिंह से पूछताछ कर रही है। बेतिया पुलिस द्वारा दो आरोपियों की गिरफ्तारी को इसी पूछताछ से जोड़कर देखा जा रहा है।