ब्रह्मपुरा पोखर में उतरी नाव, हटी झाड़-झंखार
मुजफ्फरपुर :ब्रह्मपुरा पोखर बचाने को लेकर पूरे इलाके में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार की सु
मुजफ्फरपुर :ब्रह्मपुरा पोखर बचाने को लेकर पूरे इलाके में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार की सुबह ब्रह्मपुरा पोखर विकास समिति ने अपने साधन से नाव मंगाकर सफाई अभियान को गति दी। नाव पर सवार होकर निगम पार्षद मो.अंजार व सुनील चौधरी ने विधिवत घास काटी और उसके बाद नाविकों की टोली इस अभियान में लग गई। हर उम्र के लोग घर-घर से निकलकर पुराने दिन को वापस दिलाने का संकल्प ले रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष हर्षवर्द्धन ठाकुर ने कहा कि पोखर को स्वच्छ बनाने का निर्णय लिया गया है। पोखर का जीर्णोद्धार होने से आसपास के इलाके में जलसंकट नहीं होगा।
चला हस्ताक्षर अभियान
पोखर बचाने के संकल्प के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू हुआ। हस्ताक्षर करने की होड़ लगी रही। हस्ताक्षर अभियान के बाद एक ज्ञापन जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक दिया जाएगा। अभियान को लेकर सुबह से शाम तक रौनक रही।
पोखर बचाओ अभियान समिति के सचिव सुनील पांडेय ने कहा कि छठ के समय तो यहां ब्रह्मपुरा के साथ आसपास के कई मुहल्ले की महिलाएं आती थीं। लोग रातभर जमे रहते थे। पोखर शहर की शान है। इसका सौंदर्यीकरण होने के बाद शाम में रमणीक स्थल होगा। इसलिए उड़ाही व सौंदर्यीकरण होना चाहिए। इधर मुहल्लावासियों ने नगर विकास विभाग की ओर से राशि मिलने के बाद भी सफाई नहीं होने पर चिंता जताई। ब्रह्मपुरा पोखर विकास समिति के उपाध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने कहा कि जबतक पूरी तरह से सफाई नहीं होती अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि समाज पोखर बचाने को एकजुट है। इस अभियान में शहर के हर लोगों का सहयोग मिल रहा है। शहर की धरोहर बचाने व निर्मल रखने के लिए सभी लोग साथ हैं।
सफाई अभियान में यह हुए शामिल
चाणक्य विद्यापति सोसायटी के संरक्षक शंभूनाथ चौबे, बैद्यनाथ साह, अशोक कुमार, राजीव कुमार, उमेश प्रसाद सिंह, महेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव, सुनील चौधरी, सुनील कुमार, पूर्व निगम पार्षद हरि शाही, सचिव सुनील पाडेय, विश्वविद्यालय छात्र हम अध्यक्ष संकेत मिश्रा,ं समाजसेवी ममता ठाकुर आदि शामिल रहे। सभी ने कहा कि जल ही जीवन है। पोखर किनारे पौधरोपण किया जाएगा जब तक पोखर का जीर्णोद्धार नहीं होता, तब तक पहल जारी रहेगी।
यह बनी भावी योजना
-नगर निगम की ओर से पारित डीपीआर को जमीनी रूप देने के लिए होगी पहल
- नगर आयुक्त से लेकर नगर विकास मंत्री से संपर्क करेगी समिति, हो काम
-निगम पार्षद अंजार ने कहा कि वह किनारे के कचरा साफ को देंगे मजदूर
-सांसद अजय निषाद अपनी निधि से ब्रह्मपुरा पोखर के पास पक्का नाला बनवाने का किया वादा
- नगर विधायक सुरेश शर्मा नगर विकास विभाग की ओर से 2007 में आए 25 लाख की राशि को नगर निगम से दिलाने के लिए तेज करेंगे अपनी पहल
-28 मई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित यात्रा में सांसद व नगर विधायक मिलकर डीपीआर पर काम करने व पोखर निरीक्षण कराने का करेंगे आग्रह