पेड़ से पानी टपकना बनी पहेली
मुशहरी (मुजफ्फरपुर), संस : प्रखंड क्षेत्र के रोहुआ उच्च विद्यालय के उत्तर सड़क किनारे स्थित अर्जुन क
मुशहरी (मुजफ्फरपुर), संस : प्रखंड क्षेत्र के रोहुआ उच्च विद्यालय के उत्तर सड़क किनारे स्थित अर्जुन के पेड़ से लगातार पानी टपक रहा है जो लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। इसे देखने के लिए गांव की महिलाएं- राहगीर सभी पहुंचने लगे हैं। लोगों की भीड़ के कारण ढोली पूसा पथ जाम हो गया।
शाम में महिलाओं ने पेड़ के अगरबत्ती जलानी शुरू कर दी। कुछ महिलाएं गंगाजल लेकर पहुंचीं व जल चढ़ाया। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष कंचन भास्कर दलबल के साथ वहां पहुंचे जहां आवागमन बहाल करने में खासी मेहनत करनी पड़ी। उधर से गुजर रहे एसडीओ पूर्वी सुनील कुमार ने भी भीड़ देख लोगों से जानकारी हासिल की। इस संबंध में संतोष कुमार ने बताया कि दो वर्ष पूर्व तक इसी कैंपस मेंप्रतिवर्ष रामायण, राम लीला, रासलीला का आयोजन स्थानीय रविशंकर तिवारी द्वारा किया जाता था। दो वर्ष से इसका आयोजन नहीं हो रहा है। यह सब दैविक प्रकोप है या दैविक कृपा यह तो ऊपर वाले ही जानें। देर शाम तक वहां भजन-कीर्तन की तैयारी की जा रही थी।
बोले अधिकारी
'इस संबंध में अब तक कोई सूचना नहीं है। बिना देख कुछ भी कहना उचित नहीं। अगर ऐसी बात है तो विशेषज्ञ को स्थल पर भेज कर पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। '
सत्यजीत कुमार, डीएफओ, तिरहुत प्रमंडल।