नहीं मिली मेहनत की कमाई तो शुरू हुई लड़ाई
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर : नगर आयुक्त से लेकर महापौर तक गुहार लगाने के बाद भी मेहनत की कमाई नहीं
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर : नगर आयुक्त से लेकर महापौर तक गुहार लगाने के बाद भी मेहनत की कमाई नहीं मिलने पर नाराज निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ अपनी लड़ाई सोमवार को शुरू की। नगर निगम पेंशनभोगी कर्मचारी संघ के बैनर तले सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सोमवार को निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया और धरना दिया। उनक यह धरना 4 अप्रैल तक चलेगा। धरना पर बैठे संघ के अध्यक्ष राम सेवक साह ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मेहनत की कमाई पर निगम प्रशासन मौज कर रहा है। निगम के खजाने में स्टांप शुल्क के सात करोड़ रुपये पड़े हुए हैं वहीं निगम पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों का दस करोड़ बकाया है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि स्टांप शुल्क की राशि कर्मचारियों के पेशन, वेतन एवं अन्य बकायों के भुगतान पर किया जाए। बावजूद इसके निगम प्रशासन उक्त राशि को सड़क व नाला निर्माण में खर्च कर रहा है। सुरेश कुमार ने कहा कि निगम प्रशासन सरकार के निर्देशों को ताक पर रखकर स्टांप शुल्क को अन्य कार्यो में खर्च कर रही है। यह सरकार के निर्देश की अवहेलना है। संघ के महासचिव राज किशोर सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने बकाया की मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। उन्होंने कहा कि उनका यह घरना 2 अप्रैल तक जारी रहेगा। धरना में मुख्य रूप से राम सेवक साह, सुरेश प्रसाद, राम फेरन झा, चैती देवी, राम चंद्र बैठा, मोहन प्रसाद, धर्मनाथ, धीरेंद्र सिंह, राम लला झा, रामजी सिंह, शशिभूषण झा आदि ने भाग लिया।
--------------------