जदयू से नहीं होगा भाजपा का गठबंधन : राधामोहन
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर : केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने आसन्न विधानसभा में जदयू से गठबंध
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर : केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने आसन्न विधानसभा में जदयू से गठबंधन होने की बात को खारिज किया। हाल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात के बाद जारी राजनीति कवायद पर विराम लगा दिया। कहा कि अब जदयू, राजद व कांग्रेस गठबंधन यानी यूपीए से कोई बात नहीं। एनडीए अपने सभी सहयोगियों के साथ बिहार में चुनाव लड़ेगा। रविवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे कृषि मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 'हम' के संयोजक पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से गठबंधन की बात पर पार्टी राज्य इकाई सोचेगी। वैसे हम ने अभी दल का रूप नहीं लिया है। मुख्यमंत्री जबसे जंगलराज टू यानी राजद के साथ गए हैं, तब से उनको राज्य के विकास की नहीं अपनी कुर्सी बचाने की चिंता है। जनता का कोई ख्याल नहीं।
हर खेत में पहुंचेगा पानी
प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना से बिहार भी जुड़ गया है। यह हर खेतों में पानी पहुंचाने की योजना है। राज्य सरकार को इसपर काम करना है। धन केंद्र सरकार देगी। गायघाट की विधायक वीणा देवी ने जिले में आर्मी वर्म से हुए नुकसान से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। कृषि मंत्री ने इस पर चिंता जताते हुए जिला कृषि पदाधिकारी, राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों सहित अन्य अधिकारियों से बातचीत कर बचाव में तेजी लाने को कहा। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कोष से जो राज्य सरकार को राशि दी गई, उसमें से दस प्रतिशत खर्च कर सकते हैं। अगर बिहार सरकार को मदद चाहिए तो दिया जाएगा। इधर, राजकीय अतिथिशाला पहुंचने पर विधायक वीणा देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. अशोक शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंजू रानी, अशोक सहनी, जिला प्रवक्ता देवांशु किशोर, मीडिया प्रभारी, बालकृष्ण गिरिधारी, तेजनारायण शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष चंदा देवी, संजीव कुमार आदि ने श्री सिंह का स्वागत किया।