सीतामढ़ी में डॉक्टर के यहां पांच लाख की डकैती
सीतामढ़ी जिले रीगा थाने के एक गांव में मंगलवार देर रात करीब 25 से 30 की संख्या में आए डकैतों ने एक व्यवसाई के घर डाका डाला और पांच लाख की संपत्ती लूट ली।
सीतामढ़ी। स्थानीय थाना क्षेत्र के रीगा रेलवे स्टेशन टोला में हथियारों से लैस दो दर्जन डकैतों ने चिकित्सक डा. लाल माघवेंद्र उर्फ भुटकुन जी के घर पर धावा बोलकर आभूषण, नगद व कपड़ा समेत तकरीबन पांच लाख की संपत्ति लूट ली। मंगलवार की देर रात पहुंचे डकैतों ने चिकित्सक व उनके परिजनों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर चिकित्सक को पीटकर जख्मी कर दिया। इस दौरान डकैतों ने ताबड़तोड़ बम विस्फोट भी किए। मौके पर पहुंच रीगा पुलिस ने डकैतों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन, डकैतों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान खुद को घिरते देख डकैत बम विस्फोट करते हुए भाग निकले।
जानकारी के अनुसार लगभग दो दर्जन डकैत रात तकरीबन 12 बजे चिकित्सक डा. लाला माघवेंद्र के घर मुख्य दरवाजे को तोड़कर प्रवेश किए। चिकित्सक व उनके परिजनों को एक कमरे में बंद कर आलमीरा, बक्सा व पेटी को तोड़ लूटपाट करने लगे। डकैतों ने इस दौरान 75 हजार नगद, 3.5 लाख के आभूषण, कपड़ा व अन्य सामग्री समेत पांच लाख की संपत्ति लूट ली। तकरीबन एक घंटे तक डकैत लूटपाट करते रहे। इसी बीच पड़ोसियों द्वारा दी गई सूचना के बाद थानाध्यक्ष शंभुशरण गुप्ता के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने डकैतों को घेरने का प्रयास किया। लेकिन, डकैतों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग की। लेकिन, डकैत फायदा उठाकर भाग निकले।
चिकित्सक के बयान पर रीगा थाने में अज्ञात डकैतों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस छापेमारी कर रही है। बुधवार की सुबह एसपी नवल किशोर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने इंसपेक्टर व थानाध्यक्ष को 24 घंटे के भीतर डकैतों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। एसपी ने इलाके में गश्ती बढ़ाने को कहा है। श्वान दस्ते की टीम भी डकैतों का सुराग पाने में विफल रही। डकैती की इस घटना से इलाके में दहशत है।