पटना दूरदर्शन से जुड़ेगा मुजफ्फरपुर दूरदर्शन केंद्र
मुजफ्फरपुर दूरदर्शन केंद्र के दिन शीघ्र ही फिरने वाले हैं। केंद्र को पटना दूरदर्शन केंद्र से जोड़ा जाएगा।
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर दूरदर्शन केंद्र के दिन शीघ्र ही फिरने वाले हैं। केंद्र को पटना दूरदर्शन केंद्र से जोड़ा जाएगा। ऐसा होने से जहां एक तरफ प्रसारण क्षेत्र का दायरा बढ़ेगा, वहीं दूसरी तरफ यहां की खबरें व कृषि संबंधी नई-नई जानकारियां आम लोगों को मिल सकेंगी।
केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अरुण जेटली ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आदेश मंत्रलय को दिया है। उन्होंने नगर विधायक सुरेश शर्मा को पत्र लिख कार्रवाई के संबंध में अवगत कराया है। पिछले दिनों नगर विधायक ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री को पत्र लिख जानकारी दी थी कि मुजफ्फरपुर दूरदर्शन केंद्र दिल्ली के बाद दूसरा केंद्र है। पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नाडीस के प्रयास से यहां 1979 में केंद्र की स्थापना हुई थी। केंद्र के पास पर्याप्त जमीन है। उन्नत तकनीक वाले यंत्र हैं, लेकिन अपलिंकिंग न होने से केंद्र वर्षो से उपेक्षित है। प्रसारण के नाम पर सिर्फ कोरम पूरा हो रहा है। जबकि इसका बेहतर उपयोग किया जाए तो न सिर्फ बड़ी आबादी नई-नई जानकारियों व समाचार से अवगत होंगे, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण राजस्व भी बढ़ेगा। इसके लिए उन्होंने केंद्र को पटना से जोड़ने का आग्रह किया था।