विवादित जमीन पर 'लाल झंडा'
मुशहरी, (मुजफफरपुर), संस : प्रखंड के नरौली सेन गांव मे विवादित जमीन को जेसीबी मशीन से जोते जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों के साथ वामपंथी नेताओं ने दो एकड़ जमीन को बांस-बल्ले से घेर कब्जा कर लिया। चारों तरफ लाल झंडा लगाने के साथ ही नारेबाजी की गई।
लोगों ने आरोप लगाया कि वर्षों से यह जमीन श्मशान के रूप में उपयोग होती रही है। जबकि पुराने व नए नक्शे में बिहार सरकार की जमीन है। शंकर महतो ने ब्रोकर से मिलकर श्मशान का अस्तित्व मिटाने के उद्देश्य से जेसीबी से मिट्टी खोदवाई। इस कारण काफी संख्या में शवों का अवशेष बाहर निकल गया। मामले की जानकारी मुशहरी सीओ को दी गई। लेकिन, कार्रवाई नहीं हुई। वामपंथी नेताओ उदय चौधरी, परशुराम पाठक, रूदल कुमार, राजकुमार कुशवाहा, ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि यह स्थल श्मशान है। जिस दिन गांव की महिलाओं ने नरौली चौक जाम किया था तो पुलिस ने भरोसा दिलाया था कि मामला जल्द सलटा लिया जायगा। लेकिन, पुलिस ने भी कोई प्रयास नहीं किया। घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष रविरंजन ने स्थल पर जाकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। गांव में तनाव है। सीओ ने कहा कि स्थल पर सीआइ को भेजा गया है।