पहले मारी थी गोली, अब मिल रही धमकी
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर : मुशहरी थाना क्षेत्र में गत पखवारे कपड़ा व्यापारी को गोली मारने के मामले के आरोपी उपमुखिया विजय सिंह को गिरफ्तार करने मे पुलिस शिथिलता बरत रही है। आरोप है कि उपमुखिया द्वारा घायल को केस उठाने को लेकर धमकी दी जा रही है। इस संबंध में घायल कपड़ा व्यापारी प्रवीण कुमार ने एसएसपी समेत वरीय अधिकारी से शिकायत की है। सुरक्षा की मांग की है। यह भी आरोप लगाया गया है कि गोलीबारी के आरोपी उपमुखिया विजय सिंह खुलेआम इलाके में घूम रहा है।
गौरतलब है कि 30 जुलाई की रात मुशहरी स्थित कपड़े की दुकान बंद घर जाने के दौरान रास्ते में बाइक सवार अपराधियों ने उनपर गोली चलाई थी। हमले में व्यापारी घायल हो गए थे। इस मामले में विजय सिंह, अशोक पाठक और लालबाबू प्रसाद को नामजद करते हुए अन्य को अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने अशोक व लालबाबू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। लेकिन, विजय सिंह की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है।
विकलांग महिला ने
लगाई न्याय की गुहार
मुजफ्फरपुर : सरैया थाना क्षेत्र के बस्ती सलोनी निवासी विकलांग रिंजू देवी से कुछ लोगों द्वारा गलत ढंग से जमीन लिखवाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बावजूद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।