नीतीश जनता को दिखा रहे बाइस्कोप : रामविलास
मोतिहारी : सूबे की जनता को नीतीश कुमार बाइस्कोप दिखाकर बेवकूफ बना रहे हैं। जनता इसे समझ चुकी है और झांसे में नहीं आने वाली है। यह बातें भाजपा प्रत्याशी राधामोहन सिंह की नामांकन सभा को संबोधित करते हुए लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कही। पीएम की रेस में नरेंद्र मोदी को बताते हुए कहा कि अब तो मनमोहन ने रण छोड़ दिया है। कांग्रेस के राहुल रेस से काफी दूर हैं। राजद-कांग्रेस गठबंधन को लठबंधन बताया और कहा राहुल व सोनिया अब लालूजी मंच शेयर नहीं करते। उन्हें दागी बताया जाता है। नरेंद्र मोदी विकास का मुद्दा लेकर लोगों के बीच में हैं। अभी वे पीएम बने नहीं हैं लेकिन अमेरिका को भय सताने लगा है। अगर वे पीएम बने तो चीन, अमेरिका व पाक की समस्या स्वत: दूर हो जाएगी। नमो पर सांप्रदायिकता का आरोप लगाने वालों को भागलपुर व मुजफ्फरनगर का दंगा नजर नहीं आता। नीतीश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गांव-गांव में शराब की दुकानें खुल गई है। कमीशन वाला रेडियो दिया गया और जाति को भी बांटा गया। नमो की सरकार बनी तो मास्टर, आशा व आंगनबाड़ी सेविका की नियुक्ति स्थायी होगी। भाजपा नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि बिहार के दो नेताओं के पेट में अधिक दर्द है। एक अहंकारी हो गए हैं तो दूसरा नेता कांग्रेस के दरबारी हो गए हैं। कहा कि देश के 1.25 करोड़ जनता भारत के भाग्य बदलने वाली है। सभा को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीपी ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डेय, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार आदि ने संबोधित किया।